जेएनसीयू में प्रवेश आवेदन की तिथि 25 जुलाई तक बढ़ी, पूर्व आवेदकों की काउंसलिंग जारी

Spread the love

जेएनसीयू में प्रवेश आवेदन की तिथि 25 जुलाई तक बढ़ी, पूर्व आवेदकों की काउंसलिंग जारी
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) ने सत्र 2026-27 में विभिन्न स्नातक, परास्नातक और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जुलाई 2026 कर दी है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस.एल. पाल ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। वहीं, पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थियों की काउंसलिंग भी लगातार चल रही है। पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 15 जुलाई थी, जिसे विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए बढ़ाया गया है।
कुलसचिव के अनुसार, परिसर में संचालित एमएससी कृषि (हार्टीकल्चर), एमएससी कृषि (एग्रोनॉमी) तथा बीसीए-एआई पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
स्नातक पाठ्यक्रमों में बीबीए, बीएफए, बीए-एलएलबी (पंचवर्षीय), बीएससी कृषि तथा बीकॉम (बैंकिंग एवं इंश्योरेंस) शामिल हैं। परास्नातक पाठ्यक्रमों में एमए हिन्दी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, मध्यकालीन इतिहास, प्राचीन इतिहास, गृहविज्ञान (मानव विकास एवं आहार एवं पोषण), भूगोल, संगीत गायन, तबला, शिक्षाशास्त्र, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू तथा एमएससी भौतिक विज्ञान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पीजीडीसीए, पीजीडीजीएसटी, पीजीडीजेएमसी, पीजीडीटीएचएम एवं पीजीडीवाईएन सहित विभिन्न पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश लिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएगी। इस प्रक्रिया की निगरानी समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. नीलमणि त्रिपाठी करेंगे। प्रवेश प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. प्रियंका सिंह हैं, जबकि डॉ. रूबी, डॉ. प्रज्ञा बौद्ध, डॉ. दिलीप मद्धेशिया एवं डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *