
उभांव पुलिस ने 13 गोवंशों के साथ चार तस्करों को दबोचा, चार वाहन व अवैध चाकू बरामद
बलिया। उभांव थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 गोवंशों के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार वाहन तथा चार अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना उभांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मैजिक और एक पिकअप वाहन से ले जाए जा रहे 13 गोवंशों को बरामद किया। मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चार अवैध चाकू भी बरामद हुए।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों एवं तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।