
कामजी गोंड मृत्यु प्रकरण: सपा का प्रतिनिधिमंडल 17 जुलाई को जाएगा गायघाट
बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत गायघाट गांव निवासी कामजी गोंड की कथित पुलिस पिटाई से हुई मृत्यु के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार से मिलने और घटना की जानकारी लेने के लिए 17 जुलाई को उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित इस प्रतिनिधिमंडल के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 14 जुलाई को पत्र जारी किया है। प्रतिनिधिमंडल गायघाट गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और घटना के तथ्यों की जानकारी प्राप्त करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामगोविंद चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय, सांसद रामशंकर राजभर, जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्यास जी गौड़, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, विधायक जियाउद्दीन रिज़वी, जय प्रकाश अंचल, राजेश गौड़, हरिहर गौड़ तथा विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने बताया कि पार्टी हमेशा पीड़ित, शोषित और वंचित लोगों के न्याय की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि गायघाट प्रकरण में भी समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।