
सेना भर्ती की तैयारी कर लौट रहे तीन युवक आकाशीय बिजली की चपेट में झुलसे, एक की हालत गंभीर
बलिया। सेना भर्ती की तैयारी के लिए बुधवार सुबह दौड़ लगाकर घर लौट रहे तीन युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर (कठही) गांव निवासी रितेश कुमार पासवान (19) पुत्र परमहंस पासवान, रवि पासवान (18) पुत्र नंदजी पासवान, छोटू पासवान (19) पुत्र गणेश पासवान और आशीष पासवान (18) पुत्र कृष्ण पासवान रोज की तरह सेना भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाने गए थे। अभ्यास के बाद चारों युवक घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से दक्षिण स्थित डीह बाबा स्थान के पास अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रितेश, रवि और छोटू उसकी चपेट में आकर झुलस गए, जबकि उनके साथ मौजूद आशीष बाल-बाल बच गया। आशीष ने किसी तरह गांव पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के दौरान रितेश कुमार पासवान के सीने में तेज दर्द और हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं रवि पासवान और छोटू पासवान को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिजन गंभीर रूप से घायल रितेश के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।