
दानवीर भामाशाह एक्सप्रेस बस सेवा शुरू होने पर व्यापारियों ने परिवहन मंत्री का जताया आभार
बलिया। गुरुद्वारा रोड स्थित व्यापारियों की बैठक में दानवीर भामाशाह के नाम से लखनऊ-बलिया-लखनऊ बस सेवा शुरू किए जाने पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बैठक में व्यापारियों ने इसे वैश्य समाज और व्यापारियों के लिए गौरव का क्षण बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय वैश्य चेतना महासभा नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी एडवोकेट ने कहा कि 29 जून 2026 को भामाशाह जयंती के अवसर पर उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से दानवीर भामाशाह के नाम पर बस सेवा शुरू करने की मांग रखी थी। उसी क्रम में लखनऊ से बलिया और बलिया से लखनऊ के लिए दानवीर भामाशाह एक्सप्रेस बस सेवा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के सहयोगी और दानवीर भामाशाह के नाम पर बस सेवा शुरू कर परिवहन मंत्री ने भामाशाह का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है। इसके लिए व्यापारी समाज की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर प्रीतम गुप्ता, राकेश गुप्ता, मोहन गुप्ता, राजन, सुशील गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, अमीर चंद गुप्ता, ललन गुप्ता, ताराचंद गुप्ता, मनीष कुमार, अनिल कुमार, कन्हैया गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। अध्यक्षता सत्यदेव गुप्ता एवं संचालन सुरेश गुप्ता ने किया।