
कटहल नाला, मेडिकल बाईपास और बाढ़ शरणालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विकास कार्यों में तेजी लाने का डीएम का आदेश
एनएच-31 पर गंदगी और झाड़ियों पर भड़के जिलाधिकारी
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने पहुंचे जिलाधिकारी, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को शहर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर क्षेत्र तथा महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। परमानंदापुर में कटहल नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में लापरवाही और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने मेडिकल बाईपास रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाईपास का मार्किंग कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। माल्देपुर से निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए सड़क की चौड़ाई का चिन्हांकन किया जाए। साथ ही अवैध अतिक्रमण हटाने, जहां मिट्टी की कटाई और नाली निर्माण होना है वहां तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए। माल्देपुर पहुंचकर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बीच उगी घास तथा सड़क किनारे फैले छोटे पौधों और झाड़ियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल साफ-सफाई अभियान चलाकर सड़क को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने महावीर घाट स्थित निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय पहुंचे। उन्होंने शरणालय की ऊंचाई, निर्माण में प्रयुक्त सरिया की गुणवत्ता और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने बाउंड्रीवॉल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा जहां पिलर लगाने की आवश्यकता है वहां तत्काल पिलर डालकर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य को पूरी मजबूती और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी एशियन, आपदा विभाग से पियूष सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।