थाने से पूछताछ के बाद छोड़े गए युवक की वाराणसी में मौत, पुलिस ने पिटाई के आरोपों को बताया निराधार

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

थाने से पूछताछ के बाद छोड़े गए युवक की वाराणसी में मौत, पुलिस ने पिटाई के आरोपों को बताया निराधार


बलिया। सोशल मीडिया पर रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी कामजी गौड़ की कथित पुलिस पिटाई के बाद मौत की खबर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार 07 जुलाई 2026 को ग्राम गायघाट में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में सूरज कुमार रजक की ओर से दो नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ थाना रेवती में प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसी क्रम में 08 जुलाई को पुलिस गांव पहुंची और मामले की जानकारी लेने के लिए कामजी गौड़ को पूछताछ के लिए थाने लाई थी।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के बाद कामजी गौड़ को सकुशल गांव के ही मनीष यादव के साथ सुपुर्द कर दिया गया था। इसके साक्ष्य के रूप में थाने में सीसीटीवी फुटेज और सुपुर्दगी से संबंधित फोटो एवं वीडियो उपलब्ध होने की बात कही गई है।
वहीं, पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई को कामजी गौड़ की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोशल मीडिया पर पुलिस पिटाई से मौत की चर्चा के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *