
तीन शातिर अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, अब पुलिस की निगरानी में रहेंगे आरोपी
बलिया। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बलिया पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर थाना सुखपुरा पुलिस ने तीन सक्रिय एवं अभ्यस्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी निगरानी शुरू कर दी है। इन अपराधियों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में इमरान अंसारी पुत्र मो. इजराइल निवासी कुम्हिया थाना सुखपुरा, कृष्ण कुमार पुत्र बीरबल राम निवासी कुम्हिया थाना सुखपुरा और कयामुद्दीन उर्फ कयामू पुत्र नथुनी निवासी सुखपुरा थाना सुखपुरा शामिल हैं।
इमरान अंसारी की हिस्ट्रीशीट क्रम संख्या 06 बी तथा कृष्ण कुमार की हिस्ट्रीशीट क्रम संख्या 46 ए खोली गई है। दोनों के खिलाफ थाना बांसडीह और बांसडीह रोड में चोरी व नकबजनी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, कयामुद्दीन उर्फ कयामू की हिस्ट्रीशीट क्रम संख्या 49 ए खोली गई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, गोवध अधिनियम, अवैध शस्त्र रखने और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिले में सक्रिय एवं आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी की जाएगी।