बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार मजदूर को रौंदा, मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

Spread the love

श्रवण कुमार पाण्डेय

बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार मजदूर को रौंदा, मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम


बलिया। गड़वार-फेफना मार्ग पर गढ़िया (सरयां) गांव के समीप शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था।


थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी दिनेश कुमार वर्मा (42) पुत्र रामचंद्र वर्मा बाइक से गड़वार की ओर से अपने घर लौट रहे थे। गांव से करीब पांच सौ मीटर पहले गढ़िया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। शव क्षत-विक्षत हो गया।
घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा, लेकिन चांदपुर पुलिया के पास वाहन खड़ा कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गड़वार-फेफना मार्ग पर सरयां के समीप जाम लगा दिया। ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार यादव और थाना प्रभारी हितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन के नियमानुसार सहायता दिलाने और चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
बताया जाता है कि मृतक दिनेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *