
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के विरुद्ध युवाओं ने किया प्रदर्शन, जनपदवासियों से मांगे मांफी
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के कथित बयान के विरोध में गुरुवार को बलिया के युवाओं ने निरीक्षण भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे बलिया की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल जैनेन्द्र पांडेय मिंटू, रूपेश चौबे, सागर सिंह राहुल, अनुराग पटेल, अभिजीत तिवारी, सत्यम, हार्दिक पांडेय, किशन पांडेय और राहुल पाण्डेय सहित अन्य युवाओं ने संजय निषाद वापस जाओ, संजय निषाद माफी मांगो के नारे लगाए। इस अवसर पर जैनेन्द्र पांडेय ने कहा कि बलिया का इतिहास गौरवशाली रहा है और जिले के लोग अपनी ऐतिहासिक विरासत पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि भृगु की तपोभूमि, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में मंगल पांडेय के योगदान, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में चित्तू पांडेय की भूमिका तथा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, जनेश्वर मिश्र, आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी और परशुराम चतुर्वेदी जैसी विभूतियों ने बलिया को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री का बयान बलिया की ऐतिहासिक और सामाजिक गरिमा के विपरीत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने की मांग की।