
तस्करी में चार गिरफ्तार, तीन पिकअप से 11 गोवंश बरामद
गड़वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह गाय और पांच बछड़ों को कराया मुक्त
बलिया। गड़वार थाना पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पिकअप वाहनों में लदे 11 गोवंश बरामद किए हैं, जिनमें छह गाय और पांच बछड़े शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गड़वार पेट्रोल पंप के पास से तीन पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों में क्रूरता पूर्वक बांधे गए 11 गोवंश मिले।
मौके से पुलिस ने चार आरोपियों आकाश विश्वकर्मा पुत्र संतोष विश्वकर्मा निवासी सुरवत थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर, मोहन यादव पुत्र स्व. रामजी यादव निवासी अवराकोल थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर, शिवानंद यादव पुत्र भरतमुनि यादव निवासी सवरूपुर थाना गड़वार जनपद बलिया और शिवकुमार यादव पुत्र रामसरूप यादव निवासी बैजनाथपुर थाना बैरिया जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना गड़वार पर मुकदमा संख्या 183/2026 के तहत धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।