
साइकिल सवार को बचाने में बाइक सवार युवक की मौत
नौ माह की गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुराहाल
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरखरा चट्टी पर सोमवार की दोपहर करीब एक बजे हुए सड़क हादसे में गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी गांव निवासी श्रीनाथ चौहान उर्फ राणा (28) पुत्र हृदय चौहान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक श्रीनाथ सिकंदरपुर की ओर से बाइक से बलिया जा रहा था। जैसे ही सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरखरा चट्टी के पास पहुंचा कि अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने में उसकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी मीना नौ माह की गर्भवती हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही उसका रो-रोकर बुराहाल है। मृतक श्रीनाथ कोच्चि की एक कंपनी में वेल्डिंग का काम करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था।