
बलिया में चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी, महिला यात्री घायल
रेवती-सहतवार रेलखंड के बीच की है घटना
बलिया। खबर यूपी के बलिया से है, जहां रविवार को चलती ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के ऊपर सहतवार एवं रेवती रेलवे स्टेशन के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। जिसमें स्लीपर कोच संख्या S-2 की सीट संख्या 01 पर यात्रा कर रही 21 वर्षीय महिला यात्री सपना पुत्री राम प्रसाद महतो, निवासी दकुली चट्टी थाना सनकी, जनपद दरभंगा (बिहार) की अंगुली में चोट लग गई। वह स्लीपर कोच में वेटिंग टिकट के साथ दिल्ली से दरभंगा की यात्रा कर रही थी। घटना के बाद ट्रेन के छपरा रेलवे स्टेशन पहुँचने पर रेलवे चिकित्सक द्वारा घायल यात्री का प्राथमिक उपचार किया गया। इस मामले में समाचार लिखे जाने तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ है। इस मामले में आरपीएफ एवं जीआरपीएफ द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटनास्थल ग्राम बभनौली थाना रेवती के आसपास की बताई जा रही है।