
बलिया में ट्रक की चपेट में आने से भतीजे की मौत, चाचा गंभीर
सहतवार-रेवती मार्ग पर हुआ सड़क हादसा, चाचा-भतीजा जा रहे थे रेवती
बलिया। सहतवार-रेवती मार्ग पर गुरुवार की दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सहतवार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रेवती थाना क्षेत्र के लाल टोला गायघाट निवासी हरमेंद्र चौहान (28) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल सत्येंद्र चौहान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हरमेंद्र चौहान अपने चाचा सत्येंद्र चौहान के साथ बाइक से रेवती जा रहे थे। जैसे ही वे सहतवार-रेवती मार्ग स्थित मैरिज हाल के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरमेंद्र चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्येंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहतवार थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर दोनों ओर से यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने जल्द ही चालू करा दिया। बताया जा रहा है कि मृतक हरमेंद्र चौहान अविवाहित था।