बलिया में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी सहित लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

बलिया में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी सहित लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस


बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के परमंदापुर गांव में रविवार की देर रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना गड़वार रोड स्थित सम्राट सिनेमा के सामने वाली गली की बताई जा रही है। सोमवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार मकान मालिक शेख सैयद विदेश जाने के सिलसिले में मुंबई गए हुए हैं। घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं होने के कारण मकान बंद था। जिसका फायदा उठाते हुए चोर घर में घुसकर आलमारी में रखे लाखों के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सोमवार की सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई, इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। मकान मालिक शेख सैयद को भी चोरी की सूचना दे दी गई है। इस बाबत कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *