
बलिया में 25 हजार का इनामिया गो-तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बलिया। बांसडीह व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार की रात करीब 11:42 बजे हुसैनाबाद मोड़ पर आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया व हिस्ट्रीशीटर गो-तस्कर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल अभियुक्त का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम व पता बबलू नट पुत्र सुलेमान नट निवासी आदर थाना बांसडीह, जनपद बलिया बताया। इस बाबत बांसडीह सीओ जयशंकर मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया घायल अभियुक्त 25 हजार रुपये का इनामिया वांछित गो-तस्कर है। आठ फरवरी 2026 को गोवंश को तस्करी कर बिहार ले जाते समय उसका एक साथी गिरफ्तार हुआ था। जबकि बबलू नट मौके से फरार हो गया था। घायल अभियुक्त का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।