बलिया में धर्म परिवर्तन के आरोप में पादरी गिरफ्तार, 124 पुस्तकें व साउंड सिस्टम बरामद

Spread the love

बलिया में धर्म परिवर्तन के आरोप में पादरी गिरफ्तार, 124 पुस्तकें व साउंड सिस्टम बरामद

बलिया। खबर यूपी के बलिया से है, जहां सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने मौके से प्रभु ईसा से संबंधित 124 पुस्तकें, म्यूजिक सिस्टम व अन्य उपकरण भी बरामद किया हैं।

मिली जानकारी के अनुसार थाना सिकन्दरपुर में 22 फरवरी 2026 को वादी द्वारा तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि कस्बा सिकन्दरपुर वार्ड नं.- पांच स्थित एक मकान में इसाई पादरी द्वारा 15-20 महिलाओं व कुछ बच्चों को एकत्र कर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यही नहीं हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ईसाई धर्म की महानता बताई जा रही थी तथा धन व नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया। वादी ने स्वयं को भी प्रलोभन दिए जाने की बात कही। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिकन्दरपुर थाने में धारा 302, 352 बीएनएस व 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।


विवेचना के दौरान सोमवार को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्र ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त जोसे थोमस पुत्र थोमस लुकेस निवासी न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना (बिहार) को कस्बा सिकन्दरपुर से सुबह 7:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का अस्थायी पता केरल राज्य में भी बताया गया है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि धर्म परिवर्तन के मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

बरामदगी में शामिल
01 बोरी में प्रभु ईसा से संबंधित 124 पुस्तकें
म्यूजिक सिस्टम
03 माइक्रोफोन
02 केबल
01 साउंड बॉक्स
01 पीए सिस्टम
01 डेटा केबल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *