
पुलिस की मौजूदगी में कुंवर सिंह चौराहे पर मारपीट, वीडियो वायरल
बलिया। शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल कुंवर सिंह चौराहा पर शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना लगभग 20 मिनट तक चलती रही। खास बात यह रही कि मारपीट पुलिस की मौजूदगी में होती रही, जिससे चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस लाइन के नजदीक स्थित चौराहे पर हुई इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर एक अन्य युवक की पिटाई कर रहे हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी युवकों को रोकने का प्रयास करता नजर आता है, लेकिन उसका प्रयास बेअसर साबित होता है और मारपीट जारी रहती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के लगभग 20 मिनट बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मारपीट का शिकार हुए युवक को हिरासत में ले लिया। युवक पुलिस से कहते हुए नजर आया, “आप लोग जान से मरवाएंगे हमको। कोतवाली में मारेंगे। मैं पागल नजर आ रहा हूं।” युवक ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस उसे जबरदस्ती वाहन में बैठाकर कोतवाली ले गई। इस संबंध में क्षितिज त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने बताया कि दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को थाने लाया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।