
बलिया खंडहर मकान में मिला बालक का शव, क्षेत्र में सनसनी
बलिया। रसड़ा थाना अंतर्गत कोटवारी गांव से लापता बालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिजवान (12 वर्ष) पुत्र खलील निवासी ग्राम पोस्ट कोटवारी थाना रसड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रिजवान 18 फरवरी 2026 को अपने घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई पता नहीं चलने पर थाना रसड़ा में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शनिवार की दोपहर को एक बजे ग्रामीणों ने कोटवारी निवासी हामिफ मियां पुत्र स्वर्गीय लियाकत मियां के एक खंडहर पड़े मकान में, जहां काफी समय से कोई नहीं रहता है, एक शव देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है। घटना के बाद गांव में शोक व दहशत का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।