
खुशखबरी: बलिया के 50,200 विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट, एक सप्ताह में पहुंचने की उम्मीद
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत होगा वितरण, 47,500 छात्रों का आधार सत्यापन पूर्ण
रिपोर्ट: श्रवण कुमार पांडेय




बलिया। जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत जिले के 50 हजार 200 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। एचसीएल कंपनी के टैबलेट विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। वहीं, करीब 47 हजार 500 विद्यार्थियों का आधार सत्यापन पूरा करने के साथ ही उनका डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। संबंधित नोडल अधिकारी भी अपलोड किए गए डाटा का सत्यापन कर चुके हैं।
शासन स्तर से अभी तक टैबलेट वितरण की तिथि निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही तारीख घोषित होने की उम्मीद है। विभागीय स्तर पर एक सप्ताह के भीतर टैबलेट की खेप जिले में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। टैबलेट उपलब्ध होने के बाद वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार करने और डाटा सत्यापन का कार्य तेजी से पूरा किया गया है।





दरअसल, युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और उनकी पढ़ाई को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना संचालित कर रही है। इसके तहत विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शैक्षिक पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकें।आजमगढ़ मंडल के तीनों जिलों में कुल एक लाख 35 हजार 500 टैबलेट वितरित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें आजमगढ़ में 53 हजार 400, बलिया में 50 हजार 200 और मऊ में 30 हजार 900 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। वहीं, प्रदेश स्तर पर करीब 25 लाख विद्यार्थियों को इस योजना से लाभान्वित करने की तैयारी है। जिले में आधार सत्यापन और डाटा अपलोड का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंचने के बाद अब विद्यार्थियों को टैबलेट मिलने का इंतजार है। शासन से वितरण की तारीख तय होते ही संबंधित शिक्षण संस्थानों के माध्यम से वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।