
पति के दरवाजे पर रातभर धरने पर बैठी पंजाब की संदीप कौर, पति पर दूसरी शादी का लगाया आरोप
रजिस्ट्रार कार्यालय में 17 जनवरी 2019 को हुई थी रामकुमार के साथ संदीप कौर की शादी
बलिया। तीन माह बाद पंजाब की रहने वाली संदीप कौर का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। गुरुवार की रात वह अपने ससुराल देवापुर थाना मनियर पहुंचकर पति रामकुमार वर्मा के घर के बाहर धरने पर बैठ गई और पूरी रात दरवाजे पर डटी रही। शुक्रवार को भी उन्होंने वहां से हटने से इनकार कर दिया। संदीप कौर का आरोप है कि उनके पति रामकुमार वर्मा ने दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी 2026 को बलिया कोर्ट में मुकदमे की तारीख है। रात में सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले जाना चाहती थी, लेकिन उन्होंने जाने से इनकार कर दिया। संदीप कौर का कहना है कि घर में उन्होंने एक अन्य महिला को भी देखा है।


बताया जाता है कि संदीप कौर का विवाह 17 जनवरी 2019 को रामकुमार वर्मा पुत्र राजनाथ वर्मा, निवासी देवापुर थाना मनियर के साथ जालंधर के फिल्लौर में रजिस्ट्रार कार्यालय में हुआ था। रामकुमार रेलवे में स्टेशन मास्टर पद पर कार्यरत हैं। शादी के बाद उनका स्थानांतरण पुणे के जेजुरी में हो गया, जहां संदीप उनके साथ रह रही थी। संदीप के अनुसार 17 नवंबर 2025 को रामकुमार ड्यूटी के लिए निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। फोन संपर्क न होने पर वह रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां सहकर्मियों ने भी संपर्क करने की कोशिश की, परंतु फोन स्विच ऑफ मिला। इसी बीच उनके पिता ने सूचना दी कि रामकुमार दूसरी शादी कर रहा हैं। इसके बाद 18 नवंबर 2025 को संदीप बलिया पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। 26 नवंबर 2025 को मनियर थाने में रामकुमार और उनके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।



संदीप कौर का कहना है कि पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है और यह कह रही है कि कोर्ट से तलाक हो चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि एकपक्षीय तलाक कैसे संभव है? उन्होंने बताया कि उन्होंने कोर्ट में तलाक के फैसले को रिकॉल कराने के लिए पुनः आवेदन किया है।
इस मामले में संपर्क करने पर रामकुमार वर्मा का फोन नहीं उठा। इस बाबत मनियर थाना प्रभारी कौशल कुमार पाठक ने बताया कि कोर्ट से रामकुमार वर्मा को तलाक मिल चुका है। यदि संदीप कौर को आपत्ति है तो उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना चाहिए। बताया कि दूसरी शादी के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।