
कोर्ट के आदेश पर मनियर पुलिस ने दो के विरुद्ध दर्ज किया मुकदमा
देशी शराब के अनुज्ञापी की शिकायत पर कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का दिया आदेश
बलिया। सिविल कोर्ट बलिया के निर्देश पर शुक्रवार को मनियर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई देशी शराब के अनुज्ञापी की शिकायत पर की गई।


पुलिस के अनुसार, सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर निवासी देशी शराब अनुज्ञापी सुगंधी वर्मा ने सिविल कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि वर्ष 2025 में उनके नाम से मनियर बस स्टैंड पर देशी शराब की दुकान आवंटित हुई थी। प्रार्थिनी कम पढ़ी-लिखी होने के कारण टेंडर प्रक्रिया के दौरान प्रतिनिधित्व के लिए मनियर थाना क्षेत्र के पिंडारी निवासी कमला वर्मा और संतोष सिंह उनके साथ थे। आरोप है कि टेंडर खोलने के दौरान कमला वर्मा ने फर्जी हस्ताक्षर कर स्वयं को उनका प्रतिनिधि दर्शा दिया, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। इसके बाद उनके फर्जी हस्ताक्षर कर अपंजीकृत एकरारनामा विभागीय मिलीभगत से करा लिया गया और फर्जी कागजात तैयार कर दुकान पर कब्जा कर लिया गया। प्रार्थिनी ने बताया कि जब उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने 11 नवंबर 2025 को अपना बैंक खाता होल्ड करा दिया। इसके बाद आरोपितों ने उन्हें फंसाने के उद्देश्य से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सेल्समैन की मिलीभगत से दुकान में कच्ची शराब रखवाकर फर्जी मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए सिविल कोर्ट ने थानाध्यक्ष मनियर को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना करने का आदेश दिया। इस बाबत मनियर थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।