
बलिया में छात्रा सहित तीन की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम
बलिया। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। शुक्रवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक छात्रा समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों घटनाओं से संबंधित इलाकों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



पहली घटना नगरा थाना क्षेत्र के नगरा बाजार की है, जहां शुक्रवार दोपहर नगरा थाना क्षेत्र के कमरौली निवासी अरविंद यादव की 20 वर्षीय पुत्री कविता यादव नगरा स्थित जय प्रकाश महिला महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह कॉलेज से लौटते समय नगरा-बेल्थरा रोड पर जीप स्टैंड के पास पहुंची ही थी कि तेज रफ्तार ट्राली ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कविता की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी घटना सिकंदरपुर की है, जहां सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरबा डिग्री कॉलेज तिलौली के पास शुक्रवार सुबह जीप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामू गुप्ता (30) पुत्र दीनदयाल गुप्ता निवासी अखोप के रूप में हुई है। बताया गया कि रामू अपनी बहन के यहां बिहरा में रहकर मालदा में दुकान चलाते थे। शुक्रवार सुबह सिकंदरपुर से मालदा जाते समय तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद जीप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जबकि तीसरी घटना बैरिया की है, जहां में बैरिया-संसार टोला बंधे पर केशव राय के डेरा स्थित हनुमान मंदिर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से दोकटी थाना क्षेत्र के दलकी नं-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत पूर्वां सारंगपुर सुरेमनपुर (लच्छूटोला) निवासी 13 वर्षीय मिथिलेश पासवान पुत्र विनोद पासवान की मौत हो गई। वह साइकिल से किसी काम से बंधे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। गिरने के बाद बालक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो चुका था। परिजन घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल ने बताया कि एक संदिग्ध ट्रैक्टर को पकड़ा गया है, जांच जारी है और दोषी चालक की तलाश की जा रही है।