शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी 195वीं जयंती

Spread the love

शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी 195वीं जयंती


दुबहर। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक अमर शहीद मंगल पांडेय की 195वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज, नगवां में शुक्रवार को भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह और गर्व से ओत-प्रोत नजर आया।
जयंती समारोह की शुरुआत सुबह 8 बजे प्रभात फेरी से हुई। कॉलेज प्रबंधन के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण हाथों में तिरंगा लिए आसपास के गांवों में निकले। “शहीद मंगल पांडेय अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा और क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की लहर दौड़ गई।


इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, एकांकी नाटक एवं प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों के बलिदान को जीवंत कर दिया। छात्रों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र प्रकाश पाठक ने कॉलेज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शिक्षण संस्थान वर्षों से अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतीक रहा है। उन्होंने प्रबंधक डॉ. बृकेश पाठक के नेतृत्व में हुए शैक्षणिक विकास को सराहनीय बताया।

कॉलेज के प्रबंधक डॉ. बृकेश पाठक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से जीवन निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से मेहनत और अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। समारोह में नागेश पाठक, परमात्मा यादव, विनीत पाठक, संजय प्रकाश पांडेय, रमाशंकर तिवारी, राजेश पाठक, मनीराम शर्मा, संतोष यादव, श्याम यादव, सुनील पाठक, द्वारिकानाथ पाठक, काशीनाथ यादव, आलोक चौबे, अनिल पाठक, रामेश्वर पाठक सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारस पाठक ने की, जबकि संचालन सत्या पाठक ने कुशलतापूर्वक किया। प्रधानाचार्य रवि राय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *