
किशोरी की जान बचाकर पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, जवानों ने किया रक्तदान
बलिया। पुलिस सेवा केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा का भी प्रतीक है—इसका जीता जागता उदाहरण गुरुवार को देखने को मिला। जहां थाना सिकन्दरपुर व थाना गड़वार में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने समय पर रक्तदान कर एक 15 वर्षीय किशोरी की जान बचाई।



बता दे कि गुरुवार को थाना सिकन्दरपुर के कम्प्यूटर ऑपरेटर राजू यादव तथा थाना गड़वार के कम्प्यूटर ऑपरेटर भीम कुमार पुलिस लाइन बलिया में आयोजित सैनिक सम्मेलन की बैठक के उपरांत किसी निजी कार्य से जिला अस्पताल बलिया पहुँचे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सहतवार थाना क्षेत्र के मूड़ाडीह निवासी रामदेव राजभर की 15 वर्षीय पुत्री प्रीती राजभर की किडनी संबंधी समस्या एवं अत्यधिक हीमोग्लोबिन की कमी से पीड़ित है और उसे तत्काल रक्त की आवश्यकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए स्वयं रक्तदान किया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि समय पर रक्त न मिलता तो बच्ची की हालत गंभीर हो सकती थी। रक्तदान के बाद बच्ची की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
इस मानवीय कार्य के दौरान सोशल मीडिया सेल के कम्प्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार यादव तथा थाना मनियर के कम्प्यूटर आपरेटर मनोज कुमार प्रजापति भी मौके पर उपस्थित रहे। पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय कदम की अस्पताल प्रशासन एवं परिजनों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। बलिया पुलिस के जवानों का यह कार्य समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है।