
बलिया में दिनदहाड़े पिकअप समेत गाय की छिनैती, छानबीन में जुटी पुलिस
जीपीएस से पिकअप तक पहुंचे वाहन मालिक, पुलिस व पशुपालक
बलिया। गड़वार रोड स्थित बरवा गांव से आगे नहर पुलिया के पास सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे कोहरे का फायदा उठाते हुए बदमाश गाय समेत पिकअप को लेकर फरार हो गए। इसके बाद गाय को उतारने के बाद पिकअप को सुखपुरा थाना क्षेत्र के रामप्रवेश सिंह इंटर कॉलेज बनरही से करीब दो-तीन सौ मीटर दूर मोड़ पर ले जाकर खड़ा कर दिया। इसकी जानकारी होने पर पिकअप स्वामी जीपीएस के माध्यम से 112 पुलिस के साथ अपने वाहन तक पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के रजवाड़ गांव निवासी अजीत यादव उर्फ नारद यादव कोड़रा गांव से गाय खरीद कर पिकअप से भेजा। पिकअप चालक जैसे ही स्थित बरवा गांव से आगे नहर पुलिया के पास पहुंचा कि पीछा कर रहे बदमाशों ने चालक को ओवर टेक करके रोका और उसे नीचे उतार दिया और अपने चालक पिकअप पर बैठाकर गाय को लेकर फरार हो गए। जिसकी सूचना पिकअप चालक ने अपने वाहन मालिक को दी। वाहन मालिक वाहन में लगे जीपीएस के माध्यम से वाहन को पता लगाते हुए सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही स्थित रामप्रवेश इंटर कॉलेज से करीब दो-तीन सौ मीटर आगे बढ़ा तो पिकअप एक मोड़ पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि गाय गुरुवा एवं उसके आसपास के क्षेत्र में कहीं उतरी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सवाल यह उठता है कि हौसला बुलंद बदमाश दिनदहाड़े कोहरे का फायदा उठाते हुए पिकअप समेत गाय को लेकर फरार हो गए। यह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा फोन करके कहा जा रहा है कि अपनी गाय ले जाओ। यह तमाम यक्ष प्रश्न लोगों के जेहन में कौद रहे हैं कि आखिर पिकअप समेत गाय लेकर फरार हो गए तो फिर गाय को वापस करने की बात क्यों कर रहे है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है।