
चोरी के सामान व हथियार समेत पांच शातिर चोर गिरफ्तार, सुखपुरा पुलिस ने मंदिर चोरी का किया खुलासा
बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुखपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान के निर्देशन में पुलिस टीम ने मंदिर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि 4 जनवरी की रात बुढ़वा शिव मंदिर से शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का पत्तर, मां दुर्गा का श्रृंगार सामान चोरी कर शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस मामले में थाना सुखपुरा पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर 16 जनवरी की रात सुखपुरा पुलिस ने ग्राम हरपुर के करमपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चांदी का बिस्किट, पायल, नगद रुपये, तमंचा व कारतूस सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें इन्वर्टर, बैट्री, पानी की मोटर, टुल्लू पंप, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा और नकबजनी के औजार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। वहीं मंदिर चोरी से जुड़े दो अन्य अभियुक्त अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों में भय का माहौल बना है।