
फेफना स्टेशन पर गोंदिया व उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेनों का कल से होगा ठहराव
16 जनवरी को हरी झंडी दिखाकर राज्यमंत्री दयालु करेंगे शुभारम्भ
बलिया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत 15231/15232 गोंदिया-बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस एवं 15083/15084 छपरा-फर्रुखाबाद- छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन को फेफना रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया है। जिसका शुभारम्भ 16 जनवरी 2026 को बरौनी- गोंदिया एक्सप्रेस को शाम 04:35 बजे मुख्य अतिथि राज्य मंत्री,(स्वतंत्र प्रभार)आयुष,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र “दयालु” द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया जायेगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में बलिया लोक सभा सांसद सनातन पांडेय,राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, फेफना विधायक संग्राम सिंह, सदस्य विधान परिषद रविशंकर सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
16 जनवरी 2026 से फेफना रेलवे स्टेशन पर अप गाड़ी सं- 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 16:33 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 16:35 बजे गोंदिया के लिए प्रस्थान करेगी। जबकि डाउन गाड़ी सं- 15232 गोंदिया- बरौनी एक्सप्रेस गाड़ी फेफना स्टेशन पर 23:41 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 23:43 बजे बरौनी के लिए प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार अप गाड़ी सं-15083 छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस फेफना स्टेशन पर 19:49 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 19:51 बजे फर्रुखाबाद के लिए प्रस्थान करेगी। जबकि डाउन गाड़ी सं-15084 फर्रुखाबाद- छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस फेफना स्टेशन पर 05:42 बजे पहुंचकर दो मिनट का ठहराव लेकर 05:44 बजे छपरा के लिए प्रस्थान करेगी। इसकी जानकारी देते हुए जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि इन ट्रेनों के ठहराव से फेफना समेत आस-पास की जनता को रसड़ा, इंदारा, मऊ,आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, कानपूर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, जौनपुर, वाराणसी, विंध्याचल, प्रयागराज, छिवकी, सतना, मैहर, रायपुर, गोंदिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं बरौनी तक सीधी यात्रा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।