
फेफना जंक्शन पर उत्सर्ग व गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मिली स्वीकृति
विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आमजन को आवागमन में मिलेगी राहत
बलिया। उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एमओएस) प्रभारी मंत्री बलिया डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” के पहल पर फेफना जंक्शन पर उत्सर्ग व गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” द्वारा जनता की मांग को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 06 सितंबर 2024 को फेफना जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव हेतु केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा गया था। केन्द्रीय रेल मंत्री ने उक्त पत्र पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए 15083/15084- छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस और 15231 / 15232 – बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेन को फेफना जंक्शन पर ठहराव के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इनके ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आमजन को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। इस अवसर पर “दयालु” ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाता रहेगा। फेफना जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव का निर्णय इसका उदाहरण है।