
सेवानिवृत्त फौजी परिवार को बेहोश कर मौसी घर खंगाल हुई फरार
मौसी बनकर लड़के की शादी कराने पहुंची थी लूटेरी महिला, परिजनों ने किया आवभगत
बलिया। खबर यूपी के बलिया से है,जहां चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के कारो गांव में सेना के रिटायर्ड जवान के घर पहुंची एक महिला ने मौसी बनकर लड़के की शादी कराने की बात कहकर परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सूंघाकर लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गई। रिटायर्ड फौजी का परिवार करीब 24 घंटे तक बेहोशी हालात में रहा। अगले दिन होश में आने पर पीडि़त परिवार ने पड़ोसियों को घटना से अवगत कराया। हालाकि इस घटना के बारे में मुकामी पुलिस ने अनिभिज्ञता जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कारो गांव निवासी गिरीश चंद्र उपाध्याय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी पत्नी शोभा और छोटे पुत्र अभिनव चंद्र उपाध्याय के साथ गांव पर रहते हैं। जबकि उनका बड़ा बेटा और बहू गैर जनपद में रहते हैं। परिजनों के अनुसार बुधवार की रात गिरीश चंद्र उपाध्याय के घर पहुंची एक महिला स्वयं को शोभा देवी की दूर की मौसी बताने लगी। इतना ही नहीं, महिला ने कुंवारे अभिनव की शादी कराने की बात कही। महिला परिवार में इस प्रकार घूल मिल गई परिवार के लोग रिश्तेदार और अगुआ समझकर महिला की खूब आवभगत की। इधर महिला ने मौका पाकर परिवार के सभी सदस्यों को नशीला पदार्थ सूंघा दिया। कुछ देर बाद ही परिवार के सभी सदस्य बेहोश हो गए। इसके बाद महिला ने आराम से घर के बक्से और आलमारी को तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के गहने और हजारों रुपए नगदी लेकर फरार हो गई। उधर, पूरा परिवार गुरुवार की देर शाम तक बेहोश रहा। होश में आने के बाद उन्होंने पड़ोसियों को आवाज लगाई और घटना से अवगत कराया। इस बाबत चितबड़ागांव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने घटना के बारे में अनिभिज्ञता जताई।