
झोपड़ी की आड़ में भरौली चौराहे पर होती ट्रकों से वसूली
महाकुंभ में बना वनवे वर्तमान में भी भरौली चौराहे जारी, घंटों चौराहे पर लगता जाम
बलिया। खबर यूपी के बलिया से है, जहां नरही थाना के भरौली चौराहे पर वाहनों से वसूली का खेल बंद नहीं हो पा रहा है। एक बार फिर नरही पुलिस द्वारा जांच के नाम पर झोपड़ी के आड़ में ट्रकों से वसूली का खेल आरम्भ हो चुका है। आपको बता दे कि प्रयागराज में लगे महाकुम्भ के दौरान ट्रैफिक यातायात को सुचारू से संचालित करने के लिए एनएच – 31 को वनवे कर दिया गया था। महाकुम्भ के समाप्त हुए महीनों बीत गए। लेकिन यह व्यवस्था वर्तमान में भी चालू है जो नरही पुलिस के लिए दुधारू गाय बन चुकी है। सूत्रों की माने तो भरौली चौराहा से एनएच – 31पर बलिया मार्ग पर बालू लदे ट्रकों को पुलिसिया परमिट लेना होता है। इसके लिए प्रति ट्रक 500 से एक हजार का रेट फिक्स किया गया है। पूरे दिन यहां पुलिसकर्मी सड़क पर बेरिकेडिंग कराते हैं। सेटिंग के लिए पुलिस एक झोपड़ी का सहारा लेती है और वहीं डील करने के बाद ट्रकों को रास्ता देती है। लम्बे समय से चल रहे यहां आये दिन लेन देन को लेकर विवाद भी होता रहता है।