
बलिया ट्रक के चपेट में आने से भांजे की मौत, मामी घायल
बलिया। बांसडीहरोड – सहतवार मार्ग पर बघांव गांव के सामने शुक्रवार की सुबह स्कूटी और ट्रक में हुए टक्कर में भांजे की मौत हो गयी। जबकि मामी गंभीर रुप से घायल हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भांजे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वही गंभीर रूप से घायल मामी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार रेवती कस्बा के वार्ड नम्बर चार निवासी अंजनी पाण्डेय की 35 वर्षीय पत्नी दिव्या अपने भांजा मनियर थाना क्षेत्र के कोटवां गांव निवासी 21 वर्षीय आदित्य मिश्र के साथ स्कूटी से बलिया जा रही थी। जैसे ही बघाव गांव के सामने पहुंची कि बांसडीहरोड की ओर से सहतवार जा रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। जिसके बाद स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि मामी दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गयी। मौके पर पहुंचे सहतवार थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने दिव्या को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां से गंभीर अवस्था में वाराणसी रेफर कर दिया गया। अनिल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जा में लेकर मामले की जांच की जा रही है। दिव्या रसड़ा के एक निजी बैंक में कार्यरत हैं।