
जामा मस्जिद परिसर में दुकानदार का मिला शव, सनसनी
बलिया। बेल्थरारोड कस्बा स्थित जामा मस्जिद परिसर में गुरुवार की दोपहर दुकानदार मेराज अहमद उर्फ अप्पू (32) पुत्र फूल मुहम्मद का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। वे मस्जिद के पास ही अपनी दुकान चलाते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार मेराज दोपहर करीब एक बजे लघुशंका के लिए मस्जिद के वाशरूम गए थे। काफी देर तक वापस न आने पर आसपास के दुकानदारों ने उनकी तलाश शुरू की। उनके मोबाइल पर रिंग जा रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा था। शंका होने पर लोग मस्जिद तक पहुंचे और फोन मिलाने पर वाशरूम के अंदर से ही मोबाइल की रिंग सुनाई दी। लोगों ने तत्काल वाशरूम का दरवाजा तोड़ा तो अंदर अप्पू अचेतावस्था में गिरे मिले। उन्हें तुरंत सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।