
बलिया में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के चौबेछपरा ग्रामसभा के नौवावारा मौजा के समीप गुरुवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दोकटी थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी निवासी राजेश शर्मा 53 वर्ष पुत्र दमोदर शर्मा के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।



मिली जानकारी के अनुसार दोकटी थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी निवासी राजेश शर्मा रेवती स्थित आरा मशीन से लकड़ी का पटरा जुगाड़ गाड़ी पर लोड कराकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह कोलनाला रेलवे क्रॉसिंग से एक किमी दक्षिण उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। जिसके वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी रेवती पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रेवती पुलिस मौके पर पहुँच गई और मृतक के पैकेट में मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व ही मृतक की पत्नी सुनीता अपने छोटे पुत्र गजानन्द के साथ अपनी विवाहित पुत्री रूपा के यहाँ इलाज कराने दिल्ली गई थी।