
बलिया पूर्व विधायक के पुत्र की सड़क हादसे में मौत
फरसाटार भूआरी मोड़ पर दो बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर
बलिया। उभांव थाना के फरसाटार भूआरी मोड़ पर मंगलवार को दो बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर में अधेड़ की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर आफगां निवासी और पूर्व विधायक स्व. रफीउल्लाह के पुत्र 52 वर्षीय इसरार अहमद उर्फ गुड्डु किसी काम से कस्बा में आए हुए थे। वह दोपहर बाद बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह फरासाटर गांव के भुआरी मोड़ के पास पहुंचे की सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें इसरार और दूसरी बाइक पर सवार गाजीपुर जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी 30 वर्षीय रितिक राय घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इसरार अहमद को गम्भीर हालत देखते हुए सदर अस्पताल बलिया लिए रेफर कर दिया। परिजन इसरार को अच्छे इलाज के लिए बलिया से ट्रामा सेंटर वाराणसी लेकर जा रहे थे की उनकी रास्ते में ही मौत हो गयी। वही रितिक को हल्की चोंटे आयी है।