
सिगरेट पीने को लेकर दो पक्ष में हुआ विवाद, चाकू से हमला कर दो को किया घायल
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के ग्राम किर्तृपुर गांव में दो दिनों पूर्व हुई कहासुनी को लेकर बुधवार को हुए विवाद में एक युवक ने दाढ़ी बनाने वाले चाकू से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी बांसडीह पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के अभिषेक कन्नौजिया 32 वर्ष व राजू बिंद 25 वर्ष अपने डेरा पर जा रहा था। तभी गांव का ही आकाश ठाकुर रास्ते में दोनों को रोककर गाली-गलौज करते हुए उस्तरा (चाकू) से हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल सीएचसी बांसडीह पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत बांसडीह थानाध्यक्ष राकेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दो दिन पूर्व घर के पास सिगरेट पीने को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश को लेकर बुधवार को यह घटना हुई है। घायलों के परिजनों से तहरीर लेकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।