
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला किया दहन, लगाए नारे
बलिया। लखनऊ में भाजपा विधायक केतकी सिंह के आवास पर सपा कार्यकर्ताओं के प्रर्दशन व हंगामा को लेकर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बांसडीह चौराहा पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के साथ ही पुतले की छीना झपटी भी हुई।



बता दे कि बेरूआरबारी में सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें टोटी चोरी का हिसाब मांगा था और कहा था कि टोटियों को कब वापस करेंगे। इस बयान को लेकर लखनऊ में सपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए विधायक के आवास का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की थी। लखनऊ के घटना के विरोध में बांसडीह के भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन कर विरोध जताया।पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विरोध कर पुतला जला दिया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव तथा समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी भी किया।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा, दीपू सिंह, प्रतुल ओझा, राकेश सिंह, चंदन गुप्ता, अभिनव सिंह चंचल, नीरज दुबे आदि रहे।