
एससी-एसटी व गैंगस्टर की धमकी ने युवक को आत्महत्या करने पर किया मजबूर
मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाकर सोशलमीडिया पर किया था वायरल
मारपीट मामले युवक ने एक महिला समेत पांच पर सुलह के लिए दो लाख रुपए मांगने का लगाया आरोप
मृतक पर नगरा थाने पहले से ही था चार – पांच मुकदमा दर्ज
मंगलवार को आम के पेड़ पर फांसी लगाकर युवक ने की थी आत्महत्या
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस



बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के वीरचंद्र गांव में मंगलवार की दोपहर में एक युवक ने गांव से करीब 400 मीटर दूर पश्चिम स्थित एक बागीचे में स्थित आम के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया था। युवक ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जो खूब वायरल हो रहा है। जिसकी जानकारी पुलिस को बुधवार की सुबह हुई। इसके बाद पुलिस मृतक के परिजनों से वार्तालाप एवं वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई करने में जुट गई है। बुधवार के दिन युवक का पोस्टमार्टम कराया गया।




वायरल वीडियो में युवक एक मारपीट मामले में एक महिला समेत पांच लोगों पर दो लाख रुपया सुलहनामा के लिए मांग करने और नहीं देने पर एससी- एसटी और गैंगस्टर का मुकदमा लगाने की धमकी देने का आरोप लगा रहा है। युवक द्वारा कहा जा रहा है कि मैं अपनी बाप की जमीन बेचकर पैसा नहीं दे सकता यह मेरे खून में नहीं है और मेरे पास देने के लिए पैसा नहीं है। यह आरोप युवक ने गांव के ही उमेश कनौजिया व उसके पिता तथा मुकेश कनौजिया व उसके पिता के साथ ही उमेश व मुकेश की बुआ जिनकी शादी रसड़ा में हुई है और वह नेता है। यह भी कह रहा कि उसके ऊपर पहले से ही चार मुकदमा दर्ज है। वीडियो में युवक द्वारा कहा जा रहा है कि मैं उनके दबाव के चलते आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहा हूं। इसी प्रकार चरित्रहीनता लगाने का आरोप लगा रहा है। बता दे कि युवक माता पिता का इकलौता पुत्र था। ग्रामीणों की माने तो युवक ने दो साल पहले भी फांसी लगा कर आत्महत्या करने की कोशिश किया था। इस बाबत रसड़ा सीओ आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को नगरा क्षेत्र अंतर्गत वीरचंद्र ग्राम के निवासी अंकुर कुमार सिंह द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। बुधवार को सोशल मीडिया पर मृतक का एक वीडियो वायरल होने की घटना संज्ञान में आई है। इस वीडियो के संबंध में मृतक के परिजनों से वार्ता की जा रही है। वहीं वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।