
शांतिपूर्ण नगर पंचायत मनियर का अध्यक्ष पद का उप चुनाव संपन्न
चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मत पेटिका में हुआ बंद
पांच मई को किसके सिर सजेगा ताज, प्रत्याशियों को बेसब्री से इंतजार
कोर्ट द्वारा मनियर अध्यक्ष को अयोग्य किया गया था घोषित, रिक्त चल रहा था पद

बलिया। खबर यूपी के बलिया से है जहां नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद के लिए 2 मई 2025 दिन शुक्रवार के दिन चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस दौरान 19438 मतदाताओं में से 8847 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 45.51 रहा।

बता दे कि नगर पंचायत मनियर में 2023 में चुनाव हुए थे। जिसमें रितु देवी पत्नी नथुनी गोंड़ निर्वाचित घोषित हुई थी ।न्यायालय द्वारा उनके पद को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। रिक्त हुए पद पर चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ। इसकी मतगणना 5 मई 2025 को सुबह 8:00 बजे से बांसडीह इंटर कॉलेज में किया जाएगा। नगर पंचायत मनियर में सात मतदान केंद्र के 25 बुथों पर चुनाव हुआ। चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिनमें भारतीय जनता पार्टी से बुचिया देवी पत्नी घूरा गोंड़, समाजवादी पार्टी से धनवती देवी पत्नी रामजन्म गोंड़ एवं निर्दल प्रत्याशी सुभावती पत्नी मदन प्रसाद एवं देवांती पत्नी सरजू गोंड़ है। चारों प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में शाम 5:00 बजे बंद हो गया।

चुनाव के दौरान जिला अधिकारी बलिया प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी बलिया ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार ,एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ बांसडीह प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी गण मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी बलिया प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद का उपचुनाव चल रहा है जो पूर्व में यहां अध्यक्ष थी। उनको न्यायालय द्वारा अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जिसके बाद से अध्यक्ष पद रिक्त चल रहा था। इस पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।