
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत, शीशम पेड़ के नीचे मिला शव
गुरुवार को प्याज ढकने खेत में गया था युवक, शुक्रवार को मिला शव
बलिया। गुरुवार की शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी निवासी सत्यकाम राय (34) की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गई। युवक का शव शुक्रवार की सुबह शीशम के पेड़ के नीचे एक महिला ने देखा और परिजनों को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सत्यकाम राय का खेत टुटवारी मौजा में पड़ता है। आंधी-बारिश शुरू होने पर वे खेत में रखे प्याज को ढकने के बाद बारिश से बचने के लिए खेत से कुछ दूरी पर स्थित एक विशाल शीशम के पेड़ के नीचे जाकर छिप गए। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली शीशम के पेड़ पर गिर पड़ी। जिसकी चपेट में आने से सत्यकाम की मौत हो गई। उधर, सत्यकाम के परिजन देर रात तक ढूंढते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह एक महिला की नजर पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी। महिला ने तुरंत विजय को सूचना दी, जिन्होंने इस बारे में मृतक के परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने सत्यकाम का शव देख दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना मिलते ही नरही थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। उनका एक तीन वर्षीय पुत्र आशुतोष राय है। पत्नी शिखा राय का रो-रोकर बुराहाल है।