
अज्ञात कारणों से लगी आग में एक एकड़ से अधिक गेंहू की खड़ी फसल जलकर राख
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मिलकनवा गांव में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में गेहूँ की खड़ी फसल करीब एक एकड़ से अधिक जलकर राख हो गयी। ग्रामीणों की तत्परता और अग्निशमन दल के द्वारा आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मिलकनवा गांव में रविवार की दोपहर करीब तीन बजे तैयार गेहूँ की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गयी। देखते ही देखते तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में पहुंच गया। आग देख ग्रामीण बुझाने में जुट गए। उधर अग्निशमन दल को भी सूचना दे दी गयी। तेज हवाओं के कारण आग पश्चिम से पूर्व की ओर बढ रही थी। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका, नहीं तो फसलों की बड़ी हानि हो सकती थी। वहीं आग बुझाने तक अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंच गया। जिससे आग पर नियंत्रण पाया जा सका। मिलकनवा निवासी विनोद कुमार यादव ने बताया कि एक एकड़ से अधिक फसल जल कर राख हो गयी।