
मुंडन संस्कार में आए एक युवक समेत तीन डूबे, एक युवक व लड़की का शव बरामद, दूसरी लड़की की तलाश जारी
बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर घाट पर रविवार को मुंडन संस्कार में अलग-अलग गांव से आए एक युवक और दो लड़कियां स्नान करते वक्त गहरे पानी में चले जाने से डूब गई। गोताखोर जाल लगाकर तीनों की तलाश शुरू कर दिया है। जिसमें युवक व एक लड़की का शव बरामद हो चुका है। जबकि दूसरी लड़की की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार छोटका दुबहर निवासी संतोष कुमार वर्मा का बड़ा पुत्र अंकित कुमार वर्मा (19) अड़रा के किसी रिश्तेदार के मुंडन में श्रीरामपुर घाट पर गया हुआ था। जहां अपने मित्रों के साथ गंगा नदी में स्नान कर रहा था, तभी उसके साथ तीन लड़के गहरे पानी में डूबने लगे। इस दौरान नाविको ने दो को बचा लिया गया। लेकिन अंकित का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव सहित क्षेत्र में हाहाकार मच गया। उधर, नगरा थाना क्षेत्र की चार लड़कियां इसी घाट पर नहाते वक्त गहरे पानी में चली गईं। इसमें दो लड़कियों को आसपास के लोगों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन आस्था राजभर (15) पुत्री अवधेश राजभर और खुशी राजभर (20) पुत्री श्रीभगवान राजभर निवासी गोठईं थाना नगरा का अता-पता नहीं चल सका। परिजनों ने बताया कि दोनों अपने चाचा के लड़के के मुंडन में शामिल होने आई थी। सहेलियों के साथ गंगा में स्नान कर रही थी। जहां घटना घटित हो गई। इस बाबत बिचला घाट चौकी इंचार्ज आदर्श श्रीवास्तव ने बताया कि खुशी और अंकित वर्मा का शव मिल गया है, आस्था की तलाश जारी है।