बलिया: पानी भरे गड्ढे में गिरी कार, दुल्हन की मौसी की हुई मौत

Spread the love

बलिया: पानी भरे गड्ढे में गिरी कार, दुल्हन की मौसी की हुई मौत

बहन की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थी महिला

बैरिया के मधुबनी गांव के समीप हुआ ​हादसा

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में रविवार की देर शाम बाइक सवार को बचाने में एक कार पानी भरे गड्ढे में चली गई। जिसमें सवार एक महिला की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चालक सुरक्षित निकलने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।






बता दें कि बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता निवासी माधुरी देवी (48) पत्नी संजय कुमार रविवार को बैरिया थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में अपनी बहन की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थी। गांव में प्रवेश करते ही सामने से अचानक बाइक सवार आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में चालक ने ब्रेक ले लिया। जिससे कार असंतुलित होकर सड़क के बगल में स्थित पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। जिसमें सवार माधुरी देवी की पानी में डूबने के कारण मौत हो गई। मृतका की मौत के बाद शादी के घर में मातम पसर गया। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। उधर, शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस बाबत सुरेमनपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि मधुबनी निवासी कैलाश गुप्ता के घर बारात आई थी। जिस लड़की की शादी हो रही थी, वह मृतका की बहन की बेटी है। उसी की शादी में भाग लेने के लिए माधुरी कार से आ रही थी, तभी यह हादसा हो गया। क्रेन बुलवाकर कार को गड्डे से बाहर निकलवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *