
बलिया का लाल अनुराग बना लेफ्टिनेंट, हर्ष
विकास खंड सोहांव के ग्राम चौरा के रहने वाले है अनुराग
बलिया। शनिवार को 456 युवा भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून से पासिंग आउट परेड के बाद सेना में बतौर लेफ्टीनेंट बने जिले के सोहाँव विकास खंड के ग्राम सभा चौरा निवासी अनुराग सिंह ने परिवार सहित जनपद का नाम रोशन किया है। बतौर लेफ्टीनेंट अनुराग के कंधे पर सितारे लगने के बाद उनके पिता व सेवानिवृत कैप्टन लक्ष्मण सिंह व माँ रेखा सिंह गौरवान्वित महसूस कर रहे है।
बता दे कि लेफ्टिनेंट अनुराग सिंह के पिता लक्ष्मण सिंह 2018 में कैप्टन के पद से सेवानिवृत हुए। वह सिपाही से कैप्टन तक का सफर प्रमोशन करते हुए तय किया। जबकि उनके बेटे अनुराग ने पहली ही परीक्षा में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर लिया। लेफ्टिनेंट अनुराग की प्रारंभिक शिक्षा से 12वीं तक केंद्रीय विद्यालय मेरठ में हुई। अनुराग ने यह साबित कर दिया कि अगर लगन और मेहनत से पढ़ाई की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता हैं महज 22 वर्ष की आयु में अनुराग ने अपने घर से तैयारी करके इस मुकाम को हासिल किया है। वर्ष 2020 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उनका पुणे में तीन साल तक प्रशिक्षण चला। साल भर उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में कठिन प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शनिवार को पासआउट होकर अनुराग लेफ्नेिंट बन गए। उनके सैन्य अफसर बन जाने पर गाँव में खुशी का माहौल है।








