
ब्रेकर से टकराकर बाइक पलटी, एक की मौत, दूसरा गंभीर
बलिया। रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग स्थित तिराहीपुर के समीप शनिवार की रात सड़क पर बने ब्रेकर से टकराकर बाइक पलट गई। जिसमें निखिल पांडेय (20) निवासी धर्मजा की मौत हो गई। जबकि दूसरा पुनित प्रसाद (14) निवासी धर्मजा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि धर्मजा में आई बारात के सम्पन्न होने के बाद दोनों युवक किसी को छोड़ने श्रीउरीअमहट गए हुए थे। वहां से लौटते वक्त अचानक उनकी बाइक ब्रेकर से टकराकर सड़क पर पलट गई। जिसमें दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायल दोनों युवकों को रसड़ा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दरम्यान निखिल पांडेय ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।