
सड़क हादसे में दो घायल, एक की मौत
बलिया। सोमवार की देर रात गड़वार थाना क्षेत्र के रतसड़- नूरपुर मार्ग स्थित पानी टंकी के पास बाइक असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें गड़वार थाना क्षेत्र के भैरोबांध निवासी बाइक सवार बुद्धिराम चौहान (46) पुत्र स्व. लल्लन चौहान व गौरीकांत चौहान (45) गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुँचाया, जहां जांचोपरांत चिकित्सक ने बुद्धिराम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजन शव को लेकर घर चले गए। उधर, घायल गौरीकांत का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। ग्रामीणों की माने तो सोमवार की रात गांव से बारात निकटवर्ती गांव एकडेरवा गई थी। उसी बारात में शामिल होने यह दोनों लोग बाइक से जा रहे थे। तभी सड़क हादसे का शिकार हो गए। मृतक के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। मृतक के दो पुत्र अन्य प्रांत में काम करते है, उनके आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जायेगा।