
गड़वार थाने में दिन भर जेई को बैठाई रही पुलिस, एसओ बोले मालूम नहीं
शिकायतकर्ता ने जेई पर पैसा मांगने पर धमकी देने का है आरोप
बलिया। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अवर अभियंता अखिलेश कुमार के ऊपर जान माल की धमकी देने का आरोप है। जिन्हें गड़वार पुलिस ने मंगलवार को थाने में बुलाकर घण्टो बैठाया और लंबी पूछताछ की। हालांकि गड़वार एसओ मूलचंद्र चौरसिया का कहना है कि हमें कुछ मालूम नहीं है। जब मामला कोतवाली का है तो गड़वार थाना को इससे क्या लेना है। लेकिन सूत्र द्वारा भेजी गई तस्वीर इस बात का सबूत दे रही है कि मामले में पूछताछ के लिए अवर अभियंता अखिलेश कुमार को दिनभर गड़वार थाने में ही बैठाकर रखा गया था। लेकिन मामले को गड़वार एसओ दवारा सिरे से खारिज कर देना अपने आप में यक्ष प्रश्न खड़ा कर रहा है।
Slide :
बता दें कि जिगनी निवासी अमित कुमार सिंह बीते सोमवार को मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया था। जिसमें जिक्र किया कि निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अखिलेश कुमार काम करने व काम देने के नाम पर मुझसे छह लाख रुपया लिया है। इसके बाद न ही पिछला कार्य कर रहे हैं और न ही कोई काम दे रहे हैं। पैसा मांगने पर जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कर रहा है। इसबीच बीते दिनों जब उनके आवास पर पैसा मांगने गया तो उन्होंने मुझ पर बंदूक निकालकर जान से मारने की धमकी दी। सूत्र की मानें तो मामले में मंगलवार को गड़वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अवर अभियंता को थाने में बुलाया और दिनभर बैठाकर रखा और लंबी पूछताछ की। जब गड़वार थानाध्यक्ष से पूछा गया तो उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, किसी अवर अभियंता को नहीं बुलाया गया। आप फोटो में साफ देख सकते हैं कि किस तरह आरोपी को गड़वार थाने में बैठाया गया है। इस बाबत एसपी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीओ सिटी इसके बारे में जानकारी देंगे। इसके बाद जब सीओ सिटी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मुझे भी इसकी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन एसओ को होना चाहिए। खैर मैं दिखवा रहा हूं।













