
मनियर सामूहिक विवाह योजना….

शासन ने नवानगर बीडीओ को किया निलंबित
सत्यापन करने में नवानगर बीडीओ ने बरती थी लापरवाही
आठ दुल्हन समेत 16 लोगों के विरुद्ध दर्ज हुआ था मुकदमा और सभी भेजे जा चुके है जेल
बलिया। जनपद के मनियर में आयोजित सामूहिक विवाह योजना में हुई धांधली के मामले में शासन ने नवानगर के बीडीओ देवेंद्र नाथ को निलंबित कर दिया है। जबकि इसी माह 31 अक्टूबर को वह सेवानिवृत्त होना था। इस संबंध में शासन का पत्र जिला प्रशासन को मिला है। इसकी जानकारी मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने देते हुए बताया कि मनियर में आयोजित सामूहिक विवाह में हुई धांधली की जांच की कार्रवाई चल रही है और रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जा रही है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि लाभार्थियों के पात्रता का सत्यापन करने में नवानगर के बीडीओ देवेंद्र नाथ ने लापरवाही बरती थी, जिसके चलते सामूहिक विवाह में बड़ी संख्या में अपात्र भी शामिल हुए थे। इसकी रिपोर्ट शासन को प्रेषित की गई थी, जिसके आधार पर शासन ने नवानगर के बीडीओ को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि बीते 25 जनवरी को मनियर इंटर कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें फर्जीवाड़ा और कई कन्याओं द्वारा घूंघट में खुद ही वरमाला डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसकी जांच सीडीओ ओजस्वी राज ने की थी। इस मामले में 30 जनवरी 2024 को एक अधिकारी एवं आठ दुल्हनों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद एक फरवरी 2024 को सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण विभाग गड़वार ब्लाक सुनील कुमार यादव पुत्र स्व लालबिहारी यादव, सहायक पटल अधिकारी रविन्द्र गुप्ता पुत्र छांगुर गुप्ता, एडीओ समाज कल्याण विभाग ब्लाक बांसडीह, अतिरिक्त प्रभार ब्लॉक बेरुआरबारी और रेवती- भानुप्रताप पुत्र स्व विक्रमा राम, आलोक श्रीवास्तव पुत्र योगेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, उपेन्द्र यादव पुत्र रामायण यादव, दीपक चौहान पुत्र मोतीलाल चौहान, मुकेश कुमार गुप्ता पुत्र मदनलाल गुप्ता, रामजी चौहान पुत्र सुरेन्द्र चौहान, संतोष यादव पुत्र हीरालाल यादव, अर्जुन वर्मा पुत्र शम्भूनाथ, रामनाथ पुत्र शुभगनाथ चौरसिया, अच्छेलाल वर्मा पुत्र रामइकबाल वर्मा, धर्मेन्द्र यादव पुत्र गौरीशंकर यादव, गुलाब यादव पुत्र स्व फौजदारी यादव, सर्वजीत सिंह पुत्र दीनानाथ सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें अधिकांश लोगों को जमानत मिल चुकी है।








