
नकब लगाकर चोरों ने पार किया लाखों का माल
भोजन के बाद दूसरे कमरे में सो रहे थे परिवार के सदस्य
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव में शुक्रवार की रात नकब लगाकर चोरों ने लाखों का आभूषण पार कर दिया। घटना जानकारी पीड़ित परिवार को शनिवार की सुबह हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी श्रवण सिंह के परिवार के सदस्य प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की रात भोजन करने बाद मकान के दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात को किसी समय चोर मकान के पीछे नकब लगाकर घर में घुस गए और आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखी दो सोने की अंगूठी, चेन, झुमका, नथिया सहित चांदी की पायल, बिछिया और चार हजार रुपए लेकर फरार हो गए। शनिवार की सुबह परिजन जब सो कर उठे तो घर की हालत देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस बाबत थानाध्यक्ष विकास चंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना पर हल्का दरोगा गए थे। अभी तहरीर नहीं मिली है।