
सामूहिक बलात्कार के तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक फरार
21 जून को चार दोस्तों ने किया था सामूहिक दुष्कर्म
किशोरी को सामूहिक दुष्कर्म के बाद जान से मारने की थी धमकी
तीनों आरोपियों को न्यायालय ने भेजा सुधार गृह
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक 14 वर्षीया किशोरी के साथ हुए सामूहिक बलात्कार और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी फरार चल रहा है। जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार बलिया जिले के खेजुरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी शहर कोतवाली क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहकर एक स्कूल में पढ़ती है। किशोरी की दोस्ती पढ़ाई के दौरान अश्वराय मिश्रा से हो गई। किशोरी गत 21 जून की अपरान्ह अश्वराय मिश्रा से मिलने गई थी। जिसे अश्वराय मिश्रा एक मकान पर ले गया। जहां अश्वराय मिश्रा और उसके तीन दोस्त राहुल यादव, जय सिंह और रवि सिंह ने किशोरी के साथ बारी-बारी से बलात्कार किया।
इसके बाद आरोपियों ने किशोरी को धमकी दिया कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में कुछ बताई तो उसे जान से मार देंगे। किशोरी किसी तरह से भागकर घर पहुंची और अपने पिता को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद किशोरी के पिता ने अश्वराय मिश्रा, राहुल यादव, जय सिंह और रवि सिंह के विरुद्ध कोतवाली में नामजद तहरीर दिया। जिसके बाद पुलिस ने चारों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 डीए और 506 के साथ ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धारा में नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी अश्वराय मिश्रा, जय सिंह और रवि सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां न्यायालय ने तीनों आरोपियों को सुधार गृह में भेज दिया है। जबकि फरार चल रहे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। इस बाबा शहर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। जबकि एक आरोपी की तलाश की जा रही है।